नई दिल्ली। कोरोना महामारी देश के 84 फीसदी परिवारों के लिए मुसीबत बनकर आई तो धन कुबेरों के लिए वरदान। महामारी के दौरान देश के अरबपतियों की सा...
नई दिल्ली। कोरोना महामारी देश के 84 फीसदी परिवारों के लिए मुसीबत बनकर आई तो धन कुबेरों के लिए वरदान। महामारी के दौरान देश के अरबपतियों की साझा संपत्ति जहां दोगुने से ज्यादा हो गई वहीं उनकी संख्या 39 फीसदी बढ़कर 102 से 142 हो गई। देश के 10 सबसे धनी लोगों की बात करें तो उनके पास इतना पैसा है कि ये देश के बच्चों की स्कूली व उच्च शिक्षा का 25 साल तक खर्चा उठा सकते हैं।
कोरोना महामारी के कारण पिछले एक साल में देश में 84 फीसदी परिवारों को जीवन और आजीविका की क्षति के कारण अपनी आय में गिरावट का सामना करना पड़ा। देश के 98 सर्वाधिक अमीर भारतीयों के पास करीब 49.27 लाख करोड़ की संपत्ति है। यह निचले तबके के 55.5 करोड़ लोगों की कुल संपत्ति के बराबर है। गैर सरकारी संगठन ऑक्सफैम इंडिया की रिपोर्ट 'इनइक्वेलिटी किल्सज् में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की सामूहिक संपत्ति वर्ष 2021 में 57.3 लाख करोड़ के उच्च स्तर पर पहुंच गई। स्विट्जरलैंड के दावोस में वल्र्ड इकॉनामिक फोरम की आनलाइन एजेंडा समिट के पहले दिन ऑक्सफैम ने यह रिपोर्ट जारी की है। देश के 142 अरबपतियों के पास सामूहिक रूप से 719 अरब डॉलर (53 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा) की संपत्ति है।
98 अरबपतियों पर एक फीसदी अतिरिक्त वेल्थ टैक्स से निकल जाए आयुष्मान भारत का खर्च
सर्वे रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के 98 अरबपतियों पर यदि वेल्थ टैक्स एक फीसदी बढ़ा दिया जाए तो विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना का सात साल से ज्यादा समय तक खर्च निकल जाए। जबकि 10 सबसे धनी लोगों पर एक फीसदी अतिरिक्त टैक्स लगाया जाए तो 17.7 लाख अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया कराए जा सकते हैं। महामारी की दूसरी लहर के दौरान जहां देश में ऑक्सीजन सिलेंडरों की भारी मारामारी मची थी, वहीं आयुष्मान भारत योजना से गरीबों का निशुल्क इलाज किया गया था।
No comments